विधायक की अभद्र टिप्पणी पर IPS एसोसिएशन ने प्रेस रिलीज जारी कर जताया विरोध

पिछोर /भोपाल (मध्य प्रदेश )। विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के विरुद्ध की गई अभद्र और अपमानजनक टिप्पणियों पर IPS एसोसिएशन, मध्य प्रदेश ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि विधायक द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जिस तरह की धमकी भरी और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल एक लोक सेवक के सम्मान को ठेस पहुँचाता है बल्कि प्रशासनिक तंत्र के मनोबल को भी गिराता है। एसोसिएशन ने इसे जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के विरुद्ध बताते हुए कहा कि ऐसी अभद्र टिप्पणियाँ लोकतांत्रिक व्यवस्था में पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं।

विशेष रूप से, एसोसिएशन इस बात पर गहरा दुख जताया है कि यह विवाद ‘सिविल सर्विस डे’ के दिन सामने आया है, जो अधिकारियों के समर्पण के सम्मान का दिन होता है। प्रेस नोट में मांग की गई है कि जनप्रतिनिधि अपने आचरण और भाषा में संयम बरतें ताकि प्रशासनिक निष्पक्षता बनी रहे। एसोसिएशन ने इस पूरे कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए विधायक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी अधिकारी या उसके परिवार के प्रति इस प्रकार का अपमानजनक व्यवहार न हो।




