IPL Online सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़: संयुक्त कार्रवाई में 4 सटोरिये गिरफ्तार

ह्रिदेश साहू, दतिया। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ दतिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दतिया कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा चला रहे एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से चार सरगना सटोरियों को गिरफ्तार किया है, जो डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन लिंक देकर सट्टे का गोरखधंधा कर रहे थे।
दबिश में धरे गए चार सटोरिये
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सटोरियों की पहचान दतिया निवासी रोहित साहू, गिर्राज मीणा, अंशुल साहू और संतोष सोनी के रूप में हुई है। दबोचे गये चारों आरोपी आईपीएल मैचों पर दांव लगाने और ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क ऑपरेट करने में मुख्य भूमिका निभा रहे थे।
सटोरियों से बरामद हुई ऑनलाइन ताने-बाने की कई डिवाइस
साइबर सेल की सजगता से हुई, छापेमारी के दौरान पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा भारी मात्रा में सामान जब्त किया है। बरामद किए गए सामानों में शामिल हैं:
- 01 लैपटॉप (जिसका उपयोग ऑनलाइन सट्टा आईडी और पैसों के लेन-देन की मॉनिटरिंग के लिए किया जा रहा था)
- 05 स्मार्टफोन (जिनके जरिए ग्राहकों और अन्य सटोरियों से संपर्क और ऑनलाइन सट्टे की लिंक का आदान-प्रदान किया जा रहा था)
- बैंक पासबुक (जिसमें सट्टे के अवैध पैसों के ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड मौजूद है)
साइबर सेल की मदद से ट्रेस हुआ डिजिटल नेटवर्क
सूत्रों के मुताबिक, आईपीएल सीजन शुरू होने के बाद से ही शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी की शिकायतें मिल रही थीं। साइबर सेल लगातार संदिग्ध डिजिटल एक्टिविटीज और बैंक ट्रांजैक्शन्स पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही सटोरिये साइबर सेल की रडार पर आए, तब तत्काल कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने घेराबंदी की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइलों के कॉल रिकॉर्ड्स और बैंक पासबुक के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सट्टा लगाने वाले ग्राहकों की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।




