निगमायुक्त मैदान में, अफसरों की जवाबदेही तय: छह बड़े प्रोजेक्टों का लिया हिसाब, आईएसबीटी की बदहाली पर भी फोकस
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने साफ तौर पर काम की गुणवत्ता, समयसीमा और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

PIN, ग्वालियर / नगर निगम की प्रमुख परियोजनाओं और पब्लिक की सुविधाओं से जुड़े कामों की जमीनी हकीकत जानने शनिवार को निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने शहर के कई महत्वपूर्ण स्थलों का ताबड़तोड़ निरीक्षण किया। रमउआ के ई-चार्जिंग बस स्टेशन से लेकर लाल टिपारा गौशाला, एबीसी सेंटर, आईएसबीटी, वेस्ट टू वंडर पार्क और गांधी प्राणी उद्यान तक पहुंचे निगमायुक्त ने अफसरों से मौके पर ही कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं का ब्यौरा लिया।
ई-चार्जिंग स्टेशन का काम देखा, पौधों की देखरेख पर भी फोकस
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने रमउआ स्थित निर्माणाधीन ई-चार्जिंग बस स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण एवं संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके पीछे चलाए गए पौधारोपण अभियान का भी जायजा लिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रमौआ डैम के सौंदर्यीकरण कार्य को भी उन्होंने देखा। अधिकारियों से प्रस्तावित कार्यों की जानकारी लेते हुए डैम क्षेत्र को अधिक आकर्षक और जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया।
लाल टिपारा पहुंचे निगमायुक्त, गौ पूजन के बाद सीएनजी प्लांट की जांच
लाल टिपारा गौशाला में निगमायुक्त ने निर्मित सीएनजी प्लांट का निरीक्षण किया। प्लांट की क्षमता, कार्यप्रणाली और संचालन व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से ली गई। इसके बाद आदर्श गौशाला का भ्रमण कर उन्होंने गौ पूजन किया और गौवंश के रख-रखाव, स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गौशाला से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अफसरों को निर्देशित किया।
एबीसी सेंटर में वैक्सीनेशन व्यवस्था पर नजर
बिरला नगर पुल के नीचे संचालित एबीसी डॉग सेंटर का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने केंद्र की क्षमता और प्रतिदिन किए जाने वाले डॉग वैक्सीनेशन की जानकारी ली।
उन्होंने लक्ष्मीगंज स्थित दूसरे एबीसी सेंटर की व्यवस्थाओं की भी जानकारी लेते हुए दोनों केंद्रों में व्यवस्थाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने पूछा – “ISBT में बसें क्यों नहीं पहुंच रहीं ?”
आईएसबीटी बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान सबसे अहम मुद्दा बसों के नियमित संचालन का रहा। निगमायुक्त ने बस स्टैंड से बसों का नियमित संचालन नहीं होने के कारणों की जानकारी अधिकारियों से ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईएसबीटी से बसों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
परिसर में निर्माणाधीन पीएम ई-बस चार्जिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई।
वेस्ट टू वंडर पार्क में अब बटरफ्लाई पार्क की तैयारी
उरवाई गेट स्थित वेस्ट टू वंडर पार्क का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने इसकी मौजूदा व्यवस्थाओं और विस्तार की संभावनाओं को देखा। उन्होंने पार्क को और विकसित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।
साथ ही यहां बटरफ्लाई पार्क विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इससे पार्क को शहरवासियों और पर्यटकों के लिए नए आकर्षण के रूप में विकसित करने की योजना है।

चिड़ियाघर में अति आवश्यक कामों पर निगमायुक्त की सख्ती
फूलबाग स्थित गांधी प्राणी उद्यान का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने वन्य प्राणियों के रख-रखाव और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिड़ियाघर में प्रस्तावित नवीन एंट्रेंस गेट, फिश एक्वेरियम और बाउंड्रीवॉल सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की।
अफसरों को निर्देश दिए गए कि अति आवश्यक कामों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
जिम्मेदारों को दो टूक— “गुणवत्ता से समझौता नहीं “
निरीक्षण के अंत में निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम की सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयसीमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कर शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को गति देने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ये अफसर रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त मुनीष सिंह सिकरवार, उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, मुकेश बंसल, अधीक्षण यंत्री सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री पवन शर्मा, महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शैलेंद्र सक्सेना, राजीव सिंघल, सहायक यंत्री रजनीश गुप्ता, अमित गुप्ता, नोडल मदाखलत अधिकारी केशव सिंह चौहान, डॉ. उपेंद्र यादव, भवन अधिकारी राजीव सोनी, वीरेंद्र शाक्य, यशवंत मैकले, स्वास्थ्य अधिकारी अजय सिंह, अजय शर्मा, नोडल अधिकारी वेस्ट टू वंडर पार्क एवं जू क्यूरेटर गौरव परिहार सहित स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




