विधायक मोहन सिंह राठौर ने किया CHC में ऑपरेशन थिएटर का शुभारंभ
पहले ही दिन डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर जच्चा-बच्चा की बचाई जान

भितरवार (ग्वालियर): ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र के लिए शुक्रवार का दिन स्वास्थ्य सेवाओं में एक मील का पत्थर साबित हुआ। स्थानीय भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार में ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का विधिवत उद्घाटन किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को गंभीर स्थिति में ऑपरेशन के लिए ग्वालियर रेफर होने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाया गया यह कदम, स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि साबित होगा।
पहले ही दिन चिकित्सा कौशल दिखाने का मौका
ओटी के शुभारंभ के तत्काल बाद चिकित्सकों की टीम ने अपनी कुशलता का परिचय दिया। शिवपुरी जिले की रहने वाली 27 वर्षीय गर्भवती महिला कल्पना को गंभीर हालत में भर्ती किया गया था, जिसका सामान्य प्रसव संभव नहीं था। डॉ. सोनम सिंह, डॉ. अभिषेक (एनेस्थीसिया), डॉ. गीतिका भारद्वाज और डॉ. गिर्राज गुप्ता की टीम ने त्वरित निर्णय लेते हुए महिला का सफल ऑपरेशन किया। वर्तमान में जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित एवं स्वस्थ हैं। इस दौरान एसडीएम राजीव समाधिया और बीएमओ डॉ. अशोक खरे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सफल शुरुआत के लिए डॉक्टर्स की टीम की सराहना की।
अंशुल मित्तल-8770226566




