अवैध रेत खदान पर प्रशासन का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, फ़िल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़े रेत से भरे ट्रैक्टर

ह्रिदेश साहू ,दतिया। जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के सख्त निर्देशों के बाद खनिज विभाग और राजस्व की संयुक्त टीम ने डगराकुआ रेत खदान पर छापामार कार्यवाही की। इस दौरान टीम ने फ़िल्मी अंदाज में पीछा कर अवैध रेत परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।

चोरी-छिपे चल रही थी खदान, माफियाओं में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, डगराकुआ क्षेत्र में रेत माफियाओं ने चोरी-छिपे अवैध खदान शुरू कर दी थी। इसकी शिकायत लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर और एसपी से की जा रही थी। जैसे ही टीम मौके पर पहुँची, प्रशासनिक मूवमेंट की भनक लगते ही माफिया अपनी जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने लगे।
खनिज विभाग का ‘फ़िल्मी’ एक्शन
माफियाओं को भागता देख खनिज विभाग की टीम ने उनका पीछा शुरू किया। टीम ने अपनी गाड़ियां माफियाओं के ट्रैक्टरों के आगे अड़ा दीं और घेराबंदी कर रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौक़े पर ही दबोच लिया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्यवाही से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस पूरी कार्यवाही के बीच ग्रामीणों ने सिनावल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह अवैध कारोबार स्थानीय पुलिस की कथित शह पर फल-फूल रहा था। बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थानीय स्तर पर कार्यवाही न होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
टीम की रही सराहनीय भूमिका
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में हुई इस सफल कार्यवाही में तहसीलदार संजीव तिवारी, खनिज अधिकारी प्रदीप भूरिया, और खनिज इंस्पेक्टर संजय धाकड़ सहित होमगार्ड के सैनिकों की मुख्य भूमिका रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्यवाहियां जारी रहेंगी।
Anshul Mittal, Editor, Public Interest News, Gwalior




