नवागत पुलिस कप्तान ने संभाला पदभार, पीतांबरा पीठ में टेका मत्था; अचानक कोतवाली पहुंच किया औचक निरीक्षण

ह्रिदेश साहू ,दतिया। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक (SP) मयूर खंडेलवाल ने गुरुवार को विधिवत रूप से जिले की कमान संभाल ली है। कार्यभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने अपनी नई पारी की शुरुआत आध्यात्मिक आशीर्वाद के साथ की। IPS खंडेलवाल ने विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री पीतांबरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए, धूमावती माता की आरती में शामिल हुए और वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर जिले की सुख-शांति की कामना की।
पदभार संभला, दिए कड़े निर्देश
मंदिर में दर्शन उपरांत पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे मयूर खंडेलवाल ने पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन स्टाफ से औपचारिक परिचय प्राप्त किया और स्पष्ट किया कि कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और तत्परता उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कोतवाली थाने में ‘सरप्राइज विजिट’ से मचा हड़कंप
पदभार संभालते ही नवागत एसपी एक्शन मोड में नजर आए। वे बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे शहर के कोतवाली थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। कप्तान को अचानक थाने में देख पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने निम्नलिखित बिंदुओं पर बारीकी से गौर किया:
- साफ-सफाई और रखरखाव : थाना परिसर की स्वच्छता और बंदीगृह की स्थिति का जायजा लिया।
- रिकॉर्ड और संसाधन : महिला डेस्क, थाना रिकॉर्ड और उपलब्ध तकनीकी उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया।
- अपराध नियंत्रण : गुंडे-बदमाशों की सूची (Dossier) और प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों की स्थिति की समीक्षा की।
लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
निरीक्षण के दौरान एसपी खंडेलवाल ने बीट प्रभारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कड़े लहजे में निर्देश दिए कि अपनी-अपनी बीट में सक्रिय गुंडे और हिस्ट्रीशीटरों (HS) पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा:
”किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, जैसे जुआ या सट्टा, बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य के प्रति लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”
मयूर खंडेलवाल, एसपी, जिला दतिया
निरीक्षण के दौरान एडिशनल एसपी सुनील कुमार शिवहरे, दतिया एसडीओपी आकांक्षा जैन, कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा सहित अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।




