पुलिस के दुर्व्यवहार पर पूर्व विधायक मुन्नालाल के नेतृत्व में SP से मिला साहू समाज: सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई के आदेश जारी

ग्वालियर। डबरा – पूनम साहू के साथ हुई घटना और उसके बाद डबरा पुलिस द्वारा समाज के लोगों के साथ किए गए दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को आक्रोशित साहू समाज ने पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के नेतृत्व में ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एएसपी को सौंप दी है और पूनम साहू की शिकायत पर महिला थाना में तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला ?
गत 18 जुलाई को डबरा में पूनम साहू के साथ दुर्व्यवहार की घटना घटित हुई थी। इस मामले में कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने के लिए 19 जुलाई को परिजन डबरा थाना पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि डबरा पुलिस ने कार्यवाही करने के बजाय उल्टा वहां मौजूद साहू समाज के लोगों के साथ ही अभद्र व्यवहार किया। पुलिस के इस रवैये से समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।
SP ने तत्काल दिए जांच के आदेश
समाज के वरिष्ठजनों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर एसपी कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया। एसपी धर्मवीर सिंह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि, “यदि डबरा टीआई ने समाज के लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया है, तो यह गंभीर मामला है। इसकी निष्पक्ष जांच एएसपी द्वारा की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
साथ ही, एसपी ने पूनम साहू की शिकायत पर तुरंत प्रभाव से महिला पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करने के आदेश भी दिए हैं।
ज्ञापन के दौरान इनकी रही मौजूदगी
इस अवसर पर पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल के साथ डबरा साहू समाज के अध्यक्ष रमेश साहू, ग्वालियर साहू समाज के अध्यक्ष श्रीकृष्ण साहू, महेंद्र साहू, पूर्व पार्षद कोमल साहू, पार्षद सुमित साहू, रामदास साहू, नवल साहू, हरभजन साहू, प्रमोद साहू, करन साहू, शशांक साहू सहित समाज के सैकड़ों गणमान्य नागरिक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समाज के लोगों ने स्पष्ट किया है कि यदि पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
Author: Anshul Mittal- 8770226566




