पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, सहायता राशि की मांग करते हुए पुलिस अफसरों पर लगाए गंभीर आरोप

ग्वालियर । कलेक्ट्रेट में आज जनसुनवाई के बाद एक नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला जहां, जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर आई एक महिला आत्महत्या की नीयत से, कलेक्ट्रेट स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला के पास पेट्रोल की बोतल और माचिस भी थी।
बताया गया कि तकरीबन 4 साल पहले पिछोर निवासी भूरी नामक महिला के पति की एक रोड एक्सीडेंट में मृत्यु हो गई थी। प्रशासन द्वारा महिला को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया गया। लेकिन यह सिर्फ आश्वासन ही रहा..! सहायता राशि के लिए लगातार दर-दर भटकने के बाद महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मौके पर लगा अफसरों और पुलिस का जमावड़ा, बमुश्किल पाया स्थिति पर काबू
आर्थिक सहायता की मांग की सुनवाई ना होने के चलते महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई जिसके बाद मौके पर पटवारियों, पुलिस अधिकारियों सहित एडीएम और एसडीएम सहित तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे और बमुश्किल महिला से पेट्रोल की बोतल छीनी और उसे नीचे उतारा गया।
महिला ने पुलिस अफसरों पर लगाए गंभीर आरोप
मीडिया से बातचीत के दौरान महिला का कहना था कि सालों पहले पति का और उसके बाद दो बच्चों का भी देहांत हो गया। प्रशासन ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया लेकिन लगातार चक्कर काटने पर भी सहायता राशि नहीं मिली। महिला ने बताया कि एक कार्यक्रम के दौरान वह मुख्यमंत्री से भी मिली थी। मुख्यमंत्री ने भी 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का दिलवाले का आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों के कहे अनुसार पीड़ित महिला बहोड़ापुर थाने गई थी महिला ने बताया कि वहां किसी महिला अफसर ने उसके साथ मारपीट भी की।
बहरहाल स्थिति पर काबू पा लिया गया है। प्रशासन में महिला को लिखित में आश्वासन दिया है कि 3 महीने में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। महिला (भूरी) को पुलिस कस्टडी में मेडिकल के लिए भेजा गया।
नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर, महिला की जुबानी सुने पूरा घटनाक्रम




