MPCCI के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने संभाला कार्यभार; संघर्ष भरी जीत के बाद व्यापारियों में भारी उत्साह

@अंशुल मित्तल ,ग्वालियर / मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (MPCCI) के निर्वाचन-2026 के परिणाम आने के बाद शुक्रवार के दिन ‘चेम्बर भवन’ में सादगीपूर्ण लेकिन उत्साह से भरपूर माहौल में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। सायं 06:00 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सैकड़ों की संख्या में उपस्थित व्यापारी सदस्यों की मौजूदगी में नई टीम ने कार्यभार संभाला।
चैंबर ऑफ़ कॉमर्स की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी
आज पदभार ग्रहण करने वाली MPCCI की नई कार्यकारिणी इस प्रकार है :
- अध्यक्ष : डॉ. प्रवीण अग्रवाल
- संयुक्त अध्यक्ष : सुरेश बंसल
- उपाध्यक्ष : संदीप नारायण अग्रवाल
- मानसेवी सचिव : दीपक अग्रवाल
- मानसेवी संयुक्त सचिव : दीपक पमनानी
- कोषाध्यक्ष : मनोज अग्रवाल
विषम परिस्थितियों को मात देकर लिखी गई जीत की इबारत
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल के लिए यह सफर आसान नहीं था। व्यापारिक संगठनों के पॉवर सेंटर माने जाने वाले ‘व्हाइट हाउस’ द्वारा टिकट काटे जाने के बावजूद उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा। व्यापारियों के बीच ‘डायल 100’ के रूप में लोकप्रिय डॉ. अग्रवाल स्वतंत्र प्रत्याशी बनकर मैदान में उतरे और चुनावी रण में शानदार सफलता हासिल की। राजनीतिक गलियारों और व्यापारिक जगत में इस जीत को लेकर यह माना जा रहा है कि डॉ. प्रवीण अग्रवाल की जीत, अकूत धनबल, रसूख और पक्षपात के सामने मध्यवर्गीय व्यापारियों और सादगी की जीत है।
अब आगे क्या ?
MPCCI की कमान संभालने के साथ ही अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल और उनकी पूरी टीम के सामने, अब अंचल के व्यापारी वर्ग की उम्मीदों को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है। विश्लेषकों का मानना है कि इस जीत के बाद, नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के प्रति व्यापारियों की उम्मीदें और विश्वास बढ़ा है। उस भरोसे को बनाए रखना और व्यापारिक हितों की रक्षा करना इस नई कार्यकारिणी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।




