रिटायर्ड प्रिंसिपल के समर्थन में उतरा समाज, निष्पक्ष जांच के लिए SP को सौंपा ज्ञापन

दतिया। शिक्षाविद और पूर्व प्राचार्य डॉ. ए.के. गुप्ता के समर्थन में शुक्रवार को स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक लोगों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपा। समर्थकों ने डॉ. गुप्ता के खिलाफ दर्ज मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
आरोपों को बताया तथ्यहीन
ज्ञापन में कहा गया है कि सराफा व्यवसायी प्रियांश अग्रवाल और अरविंद अग्रवाल द्वारा सिविल लाइन व कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई शिकायतें पूरी तरह से बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण हैं। समर्थकों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल उनकी छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से की गई है।
42 वर्षों का बेदाग करियर
नागरिकों ने बताया कि डॉ. गुप्ता पिछले 42 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। महाविद्यालय में प्रोफेसर और प्राचार्य जैसे गरिमामयी पदों पर रहे डॉ. गुप्ता का पूरा जीवन बेदाग और सम्मानित रहा है। उन पर लगे आरोप उनके शांत स्वभाव और कार्यशैली से कतई मेल नहीं खाते।
समर्थकों ने पुलिस प्रशासन से किसी भी दबाव में आए बिना मामले की गहराई और निष्पक्षता से जांच करने की मांग की है।




