खनिज विभाग का बड़ा छापा, अवैध खनन में लगी पनडुब्बी और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त; माफिया फरार

ह्रिदेश साहू ,दतिया। जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। उनाव क्षेत्र में बहने वाली पहुज नदी पर खनिज विभाग की टीम ने अचानक दबिश देकर रेत माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही पनडुब्बी को जब्त कर उसे नष्ट कर दिया। इसके साथ ही रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी प्रशासनिक टीम ने अपने कब्जे में लिया है।
लंबे समय से मिल रही थी अवैध खनन की शिकायतें
जानकारी के अनुसार, उनाव की पहुज नदी में पिछले काफी समय से रेत माफिया सक्रिय थे। माफियाओं द्वारा नदी के बीचों-बीच पनडुब्बी डालकर अवैध रूप से रेत निकालने का काला कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा था। इसकी शिकायतें लगातार खनिज विभाग को मिल रही थीं। सूचना की सत्यता को परखने के बाद खनिज अमले ने बिना वक्त गंवाए उनाव में छापेमारी की योजना बनाई।
टीम को देखकर भागे रेत माफिया
खनिज इंस्पेक्टर संजय धाकड़ के नेतृत्व में जब टीम अचानक मौके पर पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया। शासकीय वाहनों और प्रशासनिक टीम को अपनी ओर आता देख रेत माफिया और उनके कारिंदे मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और पनडुब्बी छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
पनडुब्बी को किया नष्ट, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
खनिज विभाग की टीम ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए नदी में अवैध उत्खनन कर रही पनडुब्बी को तुरंत पानी से बाहर निकाला और उसे मौके पर ही विनष्ट (नष्ट) करने की कार्रवाई की। इसके अलावा अवैध रेत से ओवरलोड भरी हुई एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी टीम ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। फरार माफियाओं की तलाश की जा रही है।
पहले में भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि उनाव क्षेत्र रेत माफियाओं के लिए लंबे समय से मुफीद जगह बना हुआ है। खनिज विभाग इससे पहले भी कई बार उनाव में दबिश देकर माफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठा चुका है। खनिज इंस्पेक्टर संजय धाकड़ की इस ताजा और जोरदार कार्रवाई के बाद से इलाके के रेत माफियाओं में हड़कंप का माहौल है। विभाग का साफ कहना है कि जिले में किसी भी स्तर पर अवैध उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




