दिल्ली NCRपंजाबयूपी

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से होगी बारिश, यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में भीषण ठंड का अलर्ट

उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश सहित लद्दाख और गिलगित में बर्फबारी और बारिश की संभावना

Rain alert: मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ों में हल्की बारिश और बर्फबारी की स्थिति बन रही है। इसके अलावा पंजाब औऱ हरियाणा में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। वहीं घने कोहरे ने मुसीबत और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश, बिहार, राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत ज्यादातर राज्यों में भीषण ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि घने कोहरे की वजह से हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में दृश्यता बेहद कम रहेगी।

पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, गिलगित और बाल्टिस्तान में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड में इजाफा करेंगी। मैदानी इलाके की बात करें तो गुरुवार को सबसे कम तापमान इंदौर का 4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कई राज्यों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।

दिल्ली में कैसा रहेगी धुंध

मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 21 दिसंबर तक राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं स्मॉग की वजह से भी दिल्ली की परेशानी बढ़ सकती है। गुरवार को दिल्ली के 15 इलाकों में एक्यूआई 400 को पार कर गया। बाकी जगहों पर भी हालात बेहद खराब थे।

यूपी में बढ़ेगी ठिठुरन

आईएमडी ने उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 दिसंबर से 21 दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का प्रकोप बना रहेगा और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो सकती है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने बताया कि निचले वायुमंडल में बनी प्रतिकूल परिस्थितियों, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर तराई और मैदानी क्षेत्रों में ठंड अधिक महसूस की जाएगी।

विभाग के मानकों के अनुसार जब मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाता है और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहता है, तो उसे शीत दिवस कहा जाता है। वहीं यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम हो जाए, तो गंभीर शीत दिवस की स्थिति मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!