
Car-Trailer Accident: बूंदी जिले के सिलोर पुलिया पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में, टोंक के एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से मातम छा गया।
टोंक। बूंदी जिले के सिलोर में हुए भीषण हादसे के बाद टोंक शहर के शार्गिद पेशा इलाके में मातम पसर गया। जैसे ही परिजनों को हादसे की सूचना मिली, वे तुरंत बूंदी के लिए रवाना हो गए। गली में सन्नाटा छा गया और पूरा इलाका मातम में डूबा है।
सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी बूंदी के लिए रवाना हुए। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि मृतक मोईनुद्दीन की बेटी की शादी 3 जनवरी 2026 को टोंक में तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे का शिकार सभी लोग कोटा में मौसी के पोते की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।
टक्कर के बाद, कार के ऊपर ही पलटा ट्रेलर
जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे पर बूंदी के सिलोर पुलिया के पास बजरी से भरे एक ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जा गिरी। इसी दौरान ट्रेलर का टायर फट गया और वह भी डिवाइडर पार कर कार पर पलट गया।
ट्रेलर के नीचे दबने से कार में सवार टोंक के शार्गिद पेशा इलाके के निवासी तीन भाई, फरीदुद्दीन, अजीमुद्दीन और मोईनुद्दीन पुत्र समीउद्दीन तथा उनके भतीजे सेफूद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सेफूद्दीन के पिता वसीउद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए।




