
ग्वालियर। जिला प्रशासन ने करोड़ों रुपए कीमत की सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाने की बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशन में राजस्व, नगर निगम व पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व विधानसभा अंतर्गत ग्राम गोसपुरा के सर्वे क्र.-1679, 1690 व 1691 में स्थित बेशकीमती सरकारी जमीन से बेजा कब्जे हटवाए।

एसडीएम के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव के नेतृत्व में गई टीम द्वारा मशीनों की मदद से अतिक्रमण ध्वस्त किए गए। कृष्णा नगर क्षेत्र के सी ब्लॉक, मिश्रा नर्सिंग होम के पीछे कीमती सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे कर लिए गए थे। प्रशासन ने समय-समय पर इन अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी कर अवैध कब्जे हटाने का पर्याप्त समय दिया था। अवैध कब्जे करने वालों ने शासन के नोटिस को नजरअंदाज किया। लिहाजा शासन ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की है। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन की कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए अनुमानित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान एसडीएम लश्कर नरेंद्र बाबू यादव की राजस्व टीम के साथ थाना गोले का मंदिर की पुलिस टीम और नगर निगम मदाखलत के अफसर भी टीम के साथ मौजूद रहे।




